जन सुनवाई नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम, जनहित से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें कार्य- महापौर।
करनाल 25 नवंबर, नगर निगम महापौर रेणु बाला गुप्ता ने निगम कार्यालय में जन सुनवाई कर शहरवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। जन सुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने सीवरेज निकासी, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रॉपर्टी आई.डी., सडक़ों एवं गलियों की मरम्मत सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करवाया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों की शिकायतों पर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश।
जन सुनवाई के दौरान महापौर ने संबंधित शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यालय में बुलाकर शिकायतों की स्थिति पर चर्चा की और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित शाखा समय रहते कार्रवाई करे और शिकायतकर्ता को समाधान के संबंध में उचित जानकारी भी उपलब्ध करवाए।
मूलभूत सुविधाओं में नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शहर की सफाई, प्रॉपर्टी आई.डी. से संबंधित कार्य तथा सडक़ों और गलियों की मरम्मत जैसे जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जहां भी कोई समस्या सामने आती है, वहां संबंधित अधिकारी तुरंत स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करें और कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
जन शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही और तत्परता जरूरी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का सरल, सुगम एवं समयबद्ध समाधान करना है। जन सुनवाई नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे शहर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जन सुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर नियमित निगरानी रखें, समाधान में तेजी लाएं तथा जनहित से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों की सुविधा और समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों के निस्तारण में देरी न हो और नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
