18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी शिल्पकला का करेंगे प्रदर्शन,पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल होंगे सहयोगी राज्य, मॉरीशस के राष्ट्रपति 14 दिसंबर को करेंगे महोत्सव का विधिवत शुभारंभ, 90 से अधिक देशों में होंगे महोत्सव के कार्यक्रम, 20 दिसंबर को 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से होगा गीता का वैश्विक पाठ, 22 दिसंबर को बलराम कुश्ती दंगल का किया जाएगा आयोजन
कुरुक्षेत्र 24 नवंबर।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि  धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक 11वें अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा और धर्मनगरी से विश्व भर में गीता का संदेश गूंजेगा। इस वर्ष पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। दोनों प्रदेशों द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक पवेलियन स्थापित किया जाएगा, जहां पर्यटक एवं श्रद्धालु इन राज्यों की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से परिचित हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी शिल्पकला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न भाषाओं में गीता के संस्करणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से संबंधित हरियाणा पैवेलियन भी बनाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटक एवं तीर्थ यात्री प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके अलावा 22 दिसंबर को बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस महोत्सव का आगाज 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले से होगा। यह मेला 25 दिसंबर तक कुल 21 दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने को मिलेगा, 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा। इसमें देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।  कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी तथा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा भी 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। इसी प्रकार 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतवर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों सहित 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य भजन संध्या एवं गीता महाआरती का आयोजन होगा। 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन थीम पार्क, कुरुक्षेत्र में 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 20 दिसंबर को गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गीता शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर 4 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों सहित आम लोग भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 17 से 19 दिसंबर तक सन्निहित सरोवर एवं ब्रह्मसरोवर पर विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और क्राफ्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *