डॉ. राजेश वधवा/कुरुक्षेत्र।
धर्मनगरी में कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था, परंपरा और धार्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। अमीन रोड स्थित ब्रह्मा मंदिर जय ओंकार अंतरराष्ट्रीय सेवाश्रम संघ की ओर से भगवान श्री ब्रह्मा जी की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा में 1100 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया तो 52 धार्मिक झांकियों ने पूरे आयोजन को विशेष स्वरूप दिया। कई प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान ब्रह्मा के रथ को अपने हाथों से खींचकर पुण्य अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि के साथ सर्वकल्याण की कामना की। रथ यात्रा के दौरान धर्मनगरी के प्रमुख मार्ग भगवान ब्रह्मा के जयकारों से गूंजते रहे।
इस आयोजन की खासियत केवल रथ यात्रा और श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं रही, बल्कि इसमें महिलाओं की सामूहिक भागीदारी और धार्मिक परंपराओं का व्यापक स्वरूप भी दिखाई दिया। 1100 महिलाएं सिर पर कलश सजाकर यात्रा में शामिल हुईं। धार्मिक मान्यता के अनुसार रथ यात्रा में कलश धारण कर चलना परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना से जुड़ा विधान है। महिलाओं की यह कतार यात्रा के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं 52 झांकियों के माध्यम से सनातन परंपरा, देवी-देवताओं के स्वरूप और धार्मिक प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया।

दुग्धाभिषेक के बाद सुसज्जित रथ पर विराजे भगवान ब्रह्मा

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह यज्ञ के साथ हुआ। संघ संस्थापक स्वामी शक्तिदेव महाराज और स्वामी संतोष ओंकार जी महाराज के सानिध्य में विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्री ब्रह्मा परिवार का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को सुंदर वस्त्रों और शृंगार से सुसज्जित कर शंख और घड़ोल के साथ रथ पर विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने माथा टेककर पूजा-अर्चना की और रथ यात्रा में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बने।
संघ अध्यक्ष स्वामी संदीप ओंकार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने रथ को खींचा। रथ के आगे-पीछे श्रद्धालुओं की लंबी कतार रही। यात्रा में शामिल लोगों के लिए भगवान ब्रह्मा के रथ को खींचना केवल धार्मिक आयोजन में भागीदारी नहीं, बल्कि आस्था और सेवा भाव की अभिव्यक्ति रहा।

52 झांकियों में दिखे देवी-देवताओं के विविध स्वरूप
रथ यात्रा में शामिल 52 झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इनमें गौ माता, भगवान ब्रह्मा परिवार, भगवान विष्णु के विभिन्न अवतार और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों सहित अनेक धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। सजे हुए रथ पर विराजमान भगवान ब्रह्मा यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया और दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
ब्रह्मा मंदिर से शुरू हुई यात्रा राजेश पायलट चौक, 7बी 51 फुटा रोड, सलारपुर रोड, रेलवे रोड, छठी पातशाही गुरुद्वारा और आनंदपुर कुटिया रोड से होते हुए वापस अमीन रोड स्थित मंदिर पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह बना रहा।

रथ खींचने वाले जीव पर होती है ब्रह्मा जी की विशेष कृपा : स्वामी शक्तिदेव
स्वामी शक्तिदेव महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा भगवान ब्रह्मा जी का विशेष दिन है। इस अवसर पर सभी को धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान ब्रह्मा जी के दर्शन करने चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान ब्रह्मा का रथ खींचने वाले जीव पर सृष्टि रचयिता की विशेष कृपा होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री का शुभ संदेश दिया और प्रदेश की समृद्धि के लिए भगवान ब्रह्मा का पूजन किया। इस अवसर पर नगर पालिका चीका की अध्यक्ष रेखा मेहरा, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष उमा सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश और अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष धर्म सिंह कौशिक भी मौजूद रहे। जय ओंकार आश्रम के संचालक पंडित शिव नारायण दीक्षित, एडवोकेट जय नारायण दीक्षित, संजीव कुमार मिर्जापुर और रणबीर जागलान सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *