बीपीएल राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि , और आय से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे नागरिक
नारायणगढ़, 23 नवंबर।    

आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने के उद्देश्य से उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। शिविर में विभिन्न गांवों और नारायणगढ़ शहर के वार्डों से पहुंचे लोगों ने बीपीएल राशन कार्ड तथा परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज विवरण से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
समाधान शिविर में नारायणगढ़ वार्ड नंबर 11 की किरण बाला तथा गांव कोहड़ा के राजेंद्र सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन बनवाने की मांग की। गांव भूरेवाला के बलवंत सिंह एवं गांव फिरोजपुर के लालसिंह ने पेयजल से संबंधित समस्या रखी। गांव काठेमाजरा की कृष्णा देवी ने विधवा पेंशन बनवाने का अनुरोध किया, जबकि गांव खेडक़ी जटान के रमेश कुमार ने गली की सफाई करवाने की मांग रखी।
इसी प्रकार, बड़ागांव की पूजा रानी एवं ओमन रानी, नारायणगढ़ वार्ड नंबर 13 की सुलेखा एवं लाजो तथा गांव गणैली की परमजीत कौर सहित अन्य महिलाओं ने लाडो लक्ष्मी योजना के तहत जन्मतिथि का सत्यापन करवाने का अनुरोध किया। वहीं, कालाआंब के जितेंद्र ठाकुर तथा गांव नसरौली के कपिल आनंद ने बीपीएल राशन कार्ड कटने से संबंधित समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी।
नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने शिविर में पहुंचे सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसविंदर सिंह बख्तुआ, संजीव गुज्जर व अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *