1857 की क्रांति की गौरवगाथा का साक्षी बना अम्बाला का भव्य शहीद स्मारक, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को कराया अवलोकन
1857 की क्रांति की चिंगारी अम्बाला से उठी थी, शहीदों के बलिदान को सहेजने के लिए बनवाया भव्य स्मारक – विज
63 मीटर ऊंचे कमलाकार टॉवर पर लाइट एंड साउंड शो के जरिए जीवंत होती है 1857 की क्रांति की गाथा
शहीद स्मारक की ‘अनसंग हीरोज’ गैलरी में श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का नाम भी होगा दर्ज – अनिल विज
अम्बाला, 19 नवम्बर –

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज की उपस्थिति में आज चण्डीगढ़ और अम्बाला से आए मीडिया कर्मियों ने आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित अम्बाला स्थित भव्य शहीद स्मारक का अवलोकन किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने स्मारक पहुंचे मीडिया कर्मियों का पुष्प भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने स्मारक पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को स्मारक का अवलोकन करवाते हुए बताया कि लगभग 22 एकड़ भूमि पर 600 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है। इसका उद्घाटन गत 5 नवम्बर, 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा किया गया था। उन्होंने मीडिया कर्मियों को स्मारक में स्थापित आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित विभिन्न गैलरियों तथा उनसे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
श्री विज ने बताया कि स्मारक परिसर में 63 मीटर ऊंचा कमल के फूल की आकृति वाला टॉवर बनाया गया है। रात्रि के समय इस टॉवर पर आधुनिक तकनीक के माध्यम से आकर्षक लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाता है, जिसमें वर्ष 1857 की क्रांति से जुड़ी घटनाओं को दर्शाया जाता है। इसके अलावा, स्मारक में निर्मित ओपन एयर थिएटर में लगभग 2,500 लोग एक साथ लाइट एंड साउंड शो का आनंद ले सकते हैं।
रिसेप्शन गैलरी में 1857 की क्रांति से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की दी जानकारी
ऊर्जा मंत्री ने सबसे पहले रिसेप्शन गैलरी में मीडिया कर्मियों को स्मारक के प्रवेश से लेकर आगे की विभिन्न गैलरियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गैलरी में उन स्थानों और घटनाओं का विस्तृत चित्रण किया गया है, जहां आजादी की पहली लड़ाई लड़ी गई थी। रिसेप्शन गैलरी में उन्होंने वर्ष 1857 की क्रांति के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में हुए व्यापक बदलावों के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि क्रांति के बाद बंगाल सेना की नियमित नेटिव इन्फैंट्री की कुल 74 रेजिमेंटों में से 55 ने प्रतिरोध किया, 15 को नि:शस्त्र कर दिया गया, दो को मई 1857 से पहले ही भंग कर दिया गया, जबकि केवल तीन रेजिमेंट वफादार बनी रहीं। इसी प्रकार, नियमित लाइट कैवेलरी की सभी 10 रेजिमेंटों ने प्रतिरोध किया अथवा उन्हें नि:शस्त्र कर दिया गया। अधिकांश अनियमित सैन्य टुकडिय़ों और नेटिव हॉर्स आर्टिलरी की बैटरियों की स्थिति भी ऐसी ही रही।

1857 की आजादी की पहली लड़ाई की चिंगारी अम्बाला से उठी थी – अनिल विज

श्री विज ने कहा कि वर्ष 1857 में आजादी की पहली लड़ाई की चिंगारी अम्बाला से उठी थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष और शहीदों के बलिदान को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस भव्य स्मारक के निर्माण के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बताया कि स्मारक में गुमनाम नायकों (अनसंग हीरोज) को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष गैलरी भी बनाई गई है। यहां ऐसी व्यवस्था की गई है कि जो भी व्यक्ति इस गैलरी में जाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेगा, उसका नाम भी दर्ज किया जाएगा। उन्होंने मीडिया कर्मियों सहित स्मारक में आने वाले सभी दर्शकों से आग्रह किया कि वे इस गैलरी में अवश्य जाएं और देश के वीर शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करें।

15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ऑनलाइन बुकिंग पर प्रवेश नि:शुल्क
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि फिलहाल ट्रायल के तौर पर प्रतिदिन केवल 500 लोगों को स्मारक में प्रवेश की अनुमति दी गई है। 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ऑनलाइन बुकिंग करवाने वाले दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। बुकिंग ऑनलाइन के साथ-साथ विंडो पर भी करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस भव्य स्मारक को देखने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर स्मारक का अवलोकन कर रहे हैं और इसके ऐतिहासिक महत्व को जानकर गौरव का अनुभव कर रहे हैं।
इस अवसर पर चण्डीगढ़ से आए मीडिया कर्मियों सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधियों ने ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भव्य स्मारक देश के वीर शहीदों को नमन करने का एक महत्वपूर्ण स्थल है। इसके निर्माण से अम्बाला को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने इस स्मारक के निर्माण के लिए श्री अनिल विज द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। मीडिया कर्मियों द्वारा स्मारक की प्रशंसा किए जाने पर ऊर्जा मंत्री ने उनका धन्यवाद किया।

लगभग 6 घंटे में देखा जा सकता है  स्मारक का इतिहास और गौरवगाथा
इस अवसर पर शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने भी पत्रकारों का स्वागत किया और स्मारक की गतिविधियों तथा ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गैलरी में गाइड के माध्यम से उस समय घटित घटनाओं का प्रभावशाली ढंग से वर्णन किया जाता है। पूरे स्मारक को देखने और इसकी विभिन्न गैलरियों का अवलोकन करने में लगभग छह घंटे का समय लगता है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति वर्ष 1857 की क्रांति के इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान की स्मृतियां अपने साथ लेकर जाता है।
इस अवसर पर शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी, विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधि, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, छायाकार तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *