प्रदूषण नियंत्रण कार्यों की नियमित करें निगरानी, लापरवाही बरतने वालों पर करें कार्रवाई।
एनएचएआई को दो दिन में नेशनल हाईवे के किनारों से कूड़ा उठाने के निर्देश, सभी विभाग आपसी तालमेल से करें कार्य।
करनाल 18 नवंबर,
शहर में प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्धारित मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग फील्ड में उतरकर प्रदूषण फैलाने वाले प्रत्येक कारक पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभी विभाग आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। निगमायुक्त ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा कमीशन ऑफ एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना को लेकर अधिकारियों, अभियंताओं और सफाई शाखा के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आगामी 15 जनवरी तक सभी संबंधित अधिकारी पूरी सक्रियता के साथ प्रदूषण नियंत्रण कार्यों की नियमित निगरानी करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर बिना देरी किए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।
सडक़ों के किनारों पर खाली जगह न छोड़ें, सीएंडडी वेस्ट का हो उचित उठान।
उन्होंने निर्देश दिए कि सडक़ों का निर्माण बर्म से बर्म तक किया जाए और सडक़ के किनारे खाली जगह न छोड़ी जाए, क्योंकि इससे धूल-मिट्टी उडऩे की संभावना बढ़ती है। निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए। अधिक मात्रा में सीएंडडी वेस्ट होने पर उसे नगर निगम की चिन्हित तीन साइटों दहा, फूसगढ़ और मेरठ रोड चौक पर ही डंप किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस कचरा जमा न होने देने और उसका तत्काल उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एनएचएआई के अधिकारियों को नेशनल हाईवे के किनारों पर पड़े कूड़े-कचरे को दो दिन के भीतर उठवाने के निर्देश दिए गए। वहीं, एचएसवीपी के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, धूल-मिट्टी का उठान करवाने तथा सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में गारबेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) नहीं बनने चाहिए।
प्रदूषण के हॉटस्पॉट चिन्हित कर प्राथमिकता से हटाए जाएं।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएं और उन्हें समाप्त करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। खुले में कूड़ा जलाने, निर्माण सामग्री खुले में रखने, सडक़ों पर धूल-मिट्टी उडऩे, कचरा जमा होने और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
वन विभाग को भी अपने संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और कूड़े-कचरे का उचित उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हरियाणा रोडवेज करनाल के अधिकारी को पुराने बस स्टैंड परिसर में दो दिन के भीतर विशेष सफाई अभियान चलाकर धूल-मिट्टी एवं कचरे का उचित उठान करवाने के निर्देश दिए गए, ताकि धूल उडक़र वातावरण को प्रदूषित न करे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को सडक़ निर्माण के दौरान उचित पानी छिडक़ाव करवाने को कहा गया।
एंटी स्मॉग गन, रोड स्वीपिंग मशीनों और पानी के छिडक़ाव का नियमित संचालन हो।
सडक़ों पर उड़ती धूल को नियंत्रित करने के लिए निगमायुक्त ने एंटी स्मॉग गन तथा पानी के छिडक़ाव वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रोड स्वीपिंग मशीनों को भी नियमित रूप से चलाया जाए। प्रमुख सडक़ों, डिवाइडरों और धूल प्रभावित क्षेत्रों की मैकेनाइज्ड एवं मैनुअल सफाई सुनिश्चित करें।
नियमों की अवहेलना करने वालों के काटे जाएं अधिक से अधिक चालान।
निगमायुक्त ने कहा कि सीएक्यूएम की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा सीएक्यूएम की टीमें कभी भी शहर का औचक निरीक्षण कर सकती हैं। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें और नियमित निरीक्षण करें।
उन्होंने अधिकारियों को खुले में कूड़ा जलाने, अवैध रूप से आग लगाने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और पर्यावरण प्रदूषण का कारण बनने वाले व्यक्तियों के अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी सहित एनएचएआई, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी, लोक निर्माण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परिवहन एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *