करनाल, 18 नवंबर। विधायक जगमोहन आनंद ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से संबंधित करनाल क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा करनाल के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर प्रमुख मांगें उठाई हैं।
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि NHAI के अंतर्गत आने वाले जीटी रोड के करनाल क्षेत्र में कई ऐसी समस्याएं सामने आई हैं, जिनके कारण आमजन को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इनका समाधान निकाला जाएगा।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में सेक्टर-9 स्थित अटल पार्क के सामने एक बड़े व्हीकुलर अंडरपास का निर्माण करवाना तथा सेक्टर-12 के लिए स्लिप एग्जिट उपलब्ध करवाना शामिल है। इन सुविधाओं के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।
विधायक ने कहा कि इससे पहले भी जनहित से जुड़े कई कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। सेक्टर-6 के पास मेरठ रोड के लिए एग्जिट का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नमस्ते चौक और मेरठ रोड के पास जलभराव की समस्या का भी समाधान करवाया गया है। वहीं, जीटी रोड के सेंटर वर्ज पर लगी खराब लाइटों को बदलवाकर नई लाइटें लगवाने और व्यवस्था को दुरुस्त करवाने का कार्य भी जारी है।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और हरियाणा प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। करनाल के विकास और आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल  के सहयोग से NHAI से जुड़ी इन प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी और करनाल वासियों को जल्द राहत मिलेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *