करनाल, 14 नवंबर। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि प्रौद्योगिकी व एआई के युग में सूचनाओं के संप्रेषण में तेजी आई है। तथ्यों को बिना परखे नैरेटिव सेट न करें। सूचना की असलियत, उसके फायदे व नुकसान के बारे में आकलन करें।
श्री कल्याण आज यहां सेक्टर 8 के शामियाना में कोटक मोशन और राणा अकादमी की ओर से आयोजित बाल दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन व गणेश वंदना से की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने बाल दिवस की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों को विधानसभा का दौरा करने के लिए न्योता दिया।
उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में तय किए गए लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें। अनुशासन व परिश्रम ही उन्हें ऊंचाइयों तक लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ उनके अभिभावकों का सपना भी जुड़ा है। अभिभावकों ने भी आपके लिए कड़ी तपस्या की हैै। सपने को पूरा कर अभिभावकों को गौरवान्वित करें। श्री कल्याण ने युवाओं से कहा कि वे भले ही डाक्टर बनें, इंजीनियर अथवा और कुछ लेकिन एक अच्छा इंसान व जिम्मेदार नागरिक जरूर बनें। आज प्रौद्योगिकी व एआई के युग में सूचनाओं का संप्रेषण तेजी से हो रहा है। ऐसे में कई बार तथ्यों को बिना परखे नैरेटिव सेट कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना की असलियत, उसके फायदे व नुकसान के बारे में पता होना चाहिए। आंख बंद कर किसी सूचना को सच मान लेना उचित नहीं। गलत नैरेटिव सेट करना जीवन में दिशा भटकने के समान है। बड़े होकर समाज व देश के लिए भी बहुत कुछ करना है।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए हर व्यक्ति का सहयोग होना चाहिए। भारत एक हजार साल तक गुलामी की जंजीरों में जकड़ा रहा। संस्कृति पर भी उसका बुरा असर पड़ा लेकिन आज राष्टï्र तेजी से विकास कर रहा है। देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अमेरिका जैसा देश आजाद होने के सौ साल बाद भी महिलाओं को मतदान का अधिकार नहीं दे पाया। लेकिन भारत में सबको मतदान का अधिकार है, सबकी जिम्मेदारियां भी संविधान में तय की हुई हैं। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सरकार गंभीरता से कदम बढ़ा रही है।
इस मौके पर श्री कल्याण ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जोगेंद्र राणा, तुषार चोपड़ा, शुभम सिधर, मोहित सलूजा आदि मौजूद रहे।
