फॉर्म-6 भरने से नहीं होगी कोई कानूनी कार्रवाई- मुख्य निर्वाचन अधिकारी
करनाल, 5 नवंबर। 
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान यदि किसी मतदाता का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है तो वह मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है। यह प्रावधान सभी पात्र नागरिकों पर लागू होगा  चाहे उनका नाम पहले किसी मतदाता सूची में शामिल रहा हो या नहीं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो उसे एसआईआर के दौरान या इसके बाद मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए नए सिरे से फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया कि पूर्व में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद फॉर्म-6 भरने मात्र से किसी प्रकार की गलत घोषणा या कानूनी कार्रवाई का आधार नहीं बनेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी द्वारा केवल इस आधार पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी कि आवेदक का नाम पहले मतदाता सूची में शामिल था और उसने एसआईआर के दौरान अथवा उसके बाद फॉर्म-6 प्रस्तुत किया है। हालांकि, इसके लिए यह आवश्यक है कि संबंधित मतदाता का नाम किसी अन्य संसदीय व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज न हो तथा उसके द्वारा की गई घोषणा कानून के अनुरूप हो।
उन्होंने यह भी बताया कि यह स्पष्टीकरण उन सभी पात्र मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है, जिनका नाम एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाता है। ऐसे मतदाता अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी विशेष अभियान अथवा मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 प्रस्तुत कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *