प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा का भी अभिनंदन, पांच नवंबर के आयोजन को भव्य बनाने के लिए संगठनात्मक व्यवस्थाओं और जनभागीदारी पर चर्चा
महापौर बोलीं- एकजुटता, कार्यकर्ताओं के समर्पण और सामूहिक प्रयास से पदयात्रा बनेगी ऐतिहासिक; विधायक व वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
करनाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करनाल आगमन पर आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसी क्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भाजपा जिला कार्यालय ‘कर्ण कमल’ में संगठन महामंत्री पवन राणा एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर पदयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक व्यवस्थाओं, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करनाल आगमन शहर और संगठन के लिए उत्साह एवं गौरव का अवसर है। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि पदयात्रा में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
महापौर ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम और सामूहिक संकल्प किसी भी बड़े आयोजन की सफलता का आधार होते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से करनाल में आयोजित होने वाली यह पदयात्रा भव्य एवं यादगार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
आपसी समन्वय पर बल
इस अवसर पर संगठन महामंत्री पवन राणा एवं प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा ने भी पदयात्रा की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक चर्चा की और कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा आपसी समन्वय पर जोर दिया। बैठक में करनाल विधायक जगमोहन आनंद सहित नगर निगम के पार्षद, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
