पांच नवंबर के आयोजन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों के साथ किया मंथन, कार्यकर्ताओं को सौंपी सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी
महापौर बोलीं- गृह मंत्री का आगमन गौरव का अवसर, एकजुटता और जनभागीदारी से बनाएंगे आयोजन ऐतिहासिक; जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने भी किया आह्वान
करनाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को करनाल आगमन पर प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को भव्य स्वरूप देने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भाजपा जिला कार्यालय ‘कर्ण कमल’ में संगठनात्मक बैठक की। बैठक में पदयात्रा की तैयारियों, आपसी समन्वय और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का करनाल आगमन पूरे शहर के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। उनके स्वागत में आयोजित होने वाली पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती उसकी एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही दिखाई देती है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।
महापौर ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए बेहतर योजना, आपसी तालमेल और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि करनाल के कार्यकर्ताओं का उत्साह, संगठन की शक्ति और जनता का सहयोग इस पदयात्रा को भव्य एवं यादगार बनाएगा। उन्होंने सभी से पूरी ऊर्जा के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि अमित शाह की पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। संगठन की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं तथा पदयात्रा में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण से यह आयोजन सफल होगा।
बैठक में जिला महामंत्री मानव पुरी, जिला सचिव मनमीत बावा, जिला सचिव विकास कथूरिया, कर्ण मंडल अध्यक्ष नवीन बत्रा, कुंजपुरा मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार एवं पार्षद मोनिक गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
