अम्बाला शहर, 31 अक्टूबर। एक्स पुलिस ऑफिसर्ज/सोशल वेलफेयर एसोसिएशन अम्बाला की मासिक बैठक आज पुलिस लाइन अम्बाला शहर स्थित कार्यालय में प्रधान अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित 35 सदस्यों ने हरियाणा सरकार से पुलिस कर्मचारियों, पेंशनरों तथा उनके आश्रितों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की।
बैठक में मांग की गई कि पुलिस कर्मचारियों, पेंशनरों तथा उनके आश्रितों को सभी बीमारियों के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जाए तथा पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू किया जाए। इसके अतिरिक्त, मेडिकल भत्ते को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई।
एसोसिएशन ने पेंशनरों की आयु 65, 70, 75 और 80 वर्ष पूर्ण होने पर क्रमशः 5, 10, 15 और 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि लागू करने की मांग भी उठाई। सदस्यों ने कहा कि यह सुविधा पड़ोसी राज्यों पंजाब और हिमाचल प्रदेश में लागू है, इसलिए हरियाणा में भी इसे लागू किया जाना चाहिए।
बैठक में पेंशनरों को एलटीसी सुविधा समय पर प्रदान करने तथा बस और रेल यात्रा में 50 प्रतिशत किराये की छूट देने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर गुलशन कुमार और रणबीर सिंह को एसोसिएशन का स्थायी सदस्य नियुक्त किया गया। बैठक में विनोद कुमार, संतोख सिंह, दर्शन सिंह, लक्ष्मी चंद, रणजीत सिंह, सेवानिवृत्त निरीक्षक राजपाल सिंह, संयुक्त सचिव, भूपेंद्र सिंह, बलदेव कृष्ण, देशराज सिंह, रणधीर सिंह, अशोक शर्मा, तरसेम पाल, बलदेव सिंह, प्रेमचंद, नरेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों को आने वाली दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। चाय पान के बाद बैठक का समापन किया गया।
