अधिकारियों को दिए निर्देश, जनता के कामों में अनावश्यक देरी और बार-बार चक्कर लगवाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं होगी
घरौंडा से हरिद्वार तक बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
करनाल, 31 अक्टूबर। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शनिवार को अपने निवास स्थान पर जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। करीब सवा चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपने-अपने गांव से जुड़ी समस्याएं एवं विकास कार्यों से संबंधित मांगें उनके समक्ष रखीं। हरविंद्र कल्याण ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि जिन मामलों में विस्तृत जानकारी या संबंधित विभागों की कार्रवाई आवश्यक थी, उनके लिए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने और उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसुनवाई शुरू हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, सीवरेज, पेयजल, सामुदायिक भवनों, चौपालों और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखे।
हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आमजन के कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जनता को अपने जायज काम करवाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह संवेदनशीलता और तत्परता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान करे, ताकि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के आमजन तक पहुंच सके।
जनसुनवाई के दौरान बस्सी अकबरपुर में खेतों तक आवागमन सुगम बनाने के लिए नहरी विभाग की पुलिया का निर्माण करवाने, कलवेहेड़ी और अलीपुर में वाल्मीकि चौपालों के निर्माण, बजीदा में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का कार्य पूरा करवाने तथा भोला कॉलोनी में सीवरेज और गलियों के निर्माण से संबंधित मांगें रखी गईं।
इसी प्रकार डबरकी और नसीरपुर में पेयजल सुविधा के लिए ट्यूबवेल लगवाने और श्मशान घाट तक रास्ते का निर्माण करवाने, पीर बड़ौली में गलियों के निर्माण एवं लाइब्रेरी स्थापित करने तथा नसीरपुर में सैनी चौपाल के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े विषय भी उठाए गए। विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों की पूरी जानकारी लेकर प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान घरौंडा से हरिद्वार तक बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने हरविंद्र कल्याण का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस बस सेवा से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और हरिद्वार की यात्रा पहले से अधिक सुगम होगी।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *