कुरुक्षेत्र 28 अक्टूबर हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया ने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकारी दिलाने और उनके सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए तथा यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी महिला को केवल महिला होने के कारण सरकारी या सामाजिक अवसरों से वंचित ना किया जाए।
हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया ने बुधवार को कुरुक्षेत्र जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने डॉ. बीआर अंबेडकर भवन एवं छात्रावास, श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला तथा महर्षि वाल्मीकि छात्रावास का दौरा कर संबंधित प्रतिनिधियों एवं कमेटी सदस्यों से बातचीत की। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वीसी प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने बुके देकर स्वागत किया। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया ने महिलाओं को शिक्षित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का पैमाना, उस समाज की महिलाओं की स्थिति होती है। हमें गुरुओं का सम्मान करना चाहिए और गुरुओं द्वारा दिखाए गए रास्ते को अपनाना चाहिए।
चेयरपर्सन बंतो कटारिया ने डॉ. बीआर अंबेडकर भवन एवं छात्रावास का दौरा किया और वहां रह रहे विद्यार्थियों तथा छात्रावास के पदाधिकारियों से मुलाकात कर संबंधित विषयों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद आयोग की चेयरपर्सन ने श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला में पहुंचकर कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की तथा धार्मिक स्थल से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की तथा उनकी बातों को सुना। इसके अतिरिक्त उन्होंने महर्षि वाल्मीकि छात्रावास का भी दौरा किया और वहां संबंधित प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने संबंधित स्थानों पर हो रही गतिविधियों की जानकारी ली, समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर नगर परिषद की चेयरमैन माफी ढांडा, भाजपा एससी सेल के जिलाध्यक्ष विशाल सौदा, समाज कल्याण अधिकारी वर्षा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
