कुरुक्षेत्र पुलिस ने त्योहारों के मध्मनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने सभी प्रबंधक थाना, चौंकी प्रभारियों CIA यूनिटों और खुफिया तंत्र को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वर्दी और सादे कपड़ों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सके। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई गश्त, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश ।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीपावली, भैयादूज सहित आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ नियमित पैदल गश्त करें, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखें तथा आवश्यकता के अनुसार चेकिंग अभियान चलाएं। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। सभी थाना प्रभारी और यातायात पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात की स्थिति पर नजर रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात का उचित प्रबंधन किया जाए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
होटल, रेस्टोरेंट, लॉज और सार्वजनिक स्थलों की होगी गहन जांच, नाकाबंदी और वाहन चेकिंग पर विशेष जोर ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के होटल, रेस्टोरेंट, लॉज, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा इनके आसपास स्थित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा इन स्थानों पर नियमानुसार जांच की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि जिले में दिन-रात नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखा जाए। विशेष रूप से दोपहिया वाहनों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले व्यक्तियों पर नजर रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही खुफिया तंत्र को सक्रिय रखते हुए छोटी-बड़ी सूचनाएं एकत्र करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन से सहयोग की अपील ।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र पुलिस त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
