अम्बाला, 24 अक्तूबर – महर्षि वाल्मीकि प्रगट दिवस के उपलक्ष्य पर आज शाम प्रगति विहार अम्बाला छावनी में वाल्मीकि फ्रंट सभा द्वारा आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
श्री विज ने प्रगति विहार में श्री नर्मदेश्वर महादेव एवं भगवान वाल्मीकि मंदिर परिसर में महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति के समक्ष माथा टेका व भगवान का आर्शीवाद प्राप्त किया। उन्होंने सभी को प्रगट दिवस की शुभकामनाएं दी।। इससे पहले ऊर्जा मंत्री का यहां पहुंचने पर मंदिर प्रबंधक कमेटी वाल्मीकि फ्रंट सभा के पदाधिकारियों के साथ-साथ अन्य लोगों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। ऊर्जा मंत्री ने इस मौके पर प्रगति विहार में महर्षि वाल्मीकि धर्मशाला के निर्माण के लिए वाल्मीकि फ्रंट सभा को अपने स्वैच्छिक कोष से 25 लाख रूपए देने की घोषणा की।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर उपस्थित सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा दी गई शिक्षाओं एवं उनके सिद्धांतों पर चलकर हमें अपने जीवन को सार्थक बनाना हैं। कार्यक्रम के दौरान सभा के पदाधिकारियों ने सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्य अतिथि का भव्य अभिनंदन किया।
इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, मंदिर प्रबंधक कमेटी वाल्मीकि फ्रंट सभा अम्बाला के प्रधान हितैष हन्नी, उपप्रधान काला जी, हीरो लाल पहलवान, पार्षद गौरव सैनी, पार्षद श्याम सुंदर, एससी मोर्चा के अध्यक्ष महेन्द्र, भाजपा नेत्री आरती सहगल, आंचल महंत, बिल्लू के साथ-साथ सभा के अन्य सदस्यगण व गणमान्य लोग मौजूद रहें।
