कुरुक्षेत्र 19 अक्तूबर 2026। हरियाणा कला परिषद द्वारा ब्रहमसरोवर स्थित कला कीर्ति भवन में प्रत्येक बुधवार आयोजित होेने वाली साप्ताहिक संध्या की श्रृंख्ला में 21 अक्तूबर को आज़ाद हिंद फ़ौज के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को शाम 6 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के वीर शहीदों को काव्यांजलि अर्पित करना और युवा पीढ़ी में राष्ट्र-चेतना का संचार करना है। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में ओज और वीर रस के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कवि योगेंद्र शर्मा, हास्य कवि डॉ. अशोक बत्रा, श्रृंगार और सुरीले गीतों की कवयित्री डॉ. कीर्ति काले, उर्दू गजल और शायरी के उस्ताद शरफ़ बहराइची तथा सुप्रसिद्ध हास्य सम्राट डॉ. जगबीर राठी अपनी रचनाओं को प्रस्तुत करेंगे। इस राष्ट्रीय समागम में मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी भोपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह करेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा विद्युत विनियामक बोर्ड के अध्यक्ष मुकेश गर्ग और हरियाणा एवं पंजाब उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार चंद्रशेखर वशिष्ठ रहेंगे। उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि काव्य प्रेमियों के लिए यह शाम बेहद खास होने वाली है, क्योंकि मंच पर देश के पांच शीर्ष कवि और शायर अपनी रचनाओं से देशभक्ति, हास्य और श्रृंगार के रंग बिखेरेंगे। कार्यक्रम शाम को 6 बजे प्रारम्भ हो जाएगा तथा प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
