कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर। श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र में दशहरे का पर्व बड़े हर्षाेल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की स्तुति और भजनों के साथ हुआ। संगीत अध्यापिका सुनीता सेन के मार्गदर्शन में कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों ने दुर्गा स्तोत्र तथा ‘श्री राम की गली में तुम आना’ भजन की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं नृत्य अध्यापक बलराम के निर्देशन में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने ‘पल-पल है भारी’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। ‘जय अंबे’ के जयघोष से पूरा आत्म जैन हॉल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
नृत्य अध्यापक राहुल के निर्देशन में कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों ने ‘महिषासुर मर्दिनी’ विषय पर प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अपनी कला और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से माँ दुर्गा की शक्ति तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन तनु जल्होत्रा ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए क्विज के माध्यम से रोचक प्रश्न भी पूछे गए, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इंद्रजीत सर ने अपने संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को दशहरे के महत्व और बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश से अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा शर्मा ने सभी को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुर्गा अष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई शानदार प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं और उन्हें सत्य, साहस तथा अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इस प्रकार, विद्यालय में दशहरा उत्सव भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
