विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधायक भगवानदास कबीरपंथी व विधायक सतपाल जांबा ने लिया महाराज जी का आशीर्वाद
करनाल, 11 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधायक भगवानदास कबीरपंथी व विधायक सतपाल जांबा ने दिव्य गीता सत्संग में स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का आशीर्वाद लिया। अस्पताल ऐरिया नीलोखेड़ी में आयोजित दिव्य गीता सत्संग में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का संगम देखने को मिला। परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमित ऐबला की ओर से किया गया। इस दौरान स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का भव्य स्वागत किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने महाराज जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी और पुंडरी के विधायक सतपाल जांबा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। सत्संग स्थल पर भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के आध्यात्मिक सान्निध्य में गीता के संदेशों को आत्मसात किया। कार्यक्रम के दौरान रात्रि आठ बजे विशाल भंडारे का भी आयोजन रखा गया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित दिव्य गीता सत्संग की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अमूल्य ग्रंथ है। गीता का संदेश मनुष्य को कर्तव्य, कर्म, संयम और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि संत-महात्माओं के सान्निध्य में होने वाले सत्संग समाज को आध्यात्मिक दिशा देने के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक संस्कार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का आशीर्वाद मिलना श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य की बात है। पुंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक भी है। गीता की शिक्षाएं मनुष्य को कर्म के प्रति समर्पित रहने, अहंकार से दूर रहने और समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का संदेश देती हैं। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमित ऐबला ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराज जी ने अपने पावन दर्शन, शुभ आशीर्वाद और दिव्य सान्निध्य से सभी को कृतार्थ किया है। सुमित ऐबला ने कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, विधायक सतपाल जांबा तथा अन्य सभी गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीकृष्ण आप सभी पर अपनी कृपा सदैव बनाए रखें और समाज में धर्म, सेवा एवं सद्भाव की भावना निरंतर बढ़ती रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन शिवनाथ कपूर, चेयरमैन प्रतिनिधि सतनाम आहुजा, पूर्व सरपंच समर सिंह कल्याण, ऋषिपाल बराना, सुखविंदर केनवाल, लवली कुकरेजा, राजबीर शर्मा, तरावड़ी मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, शमशेर सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन रणदीप चौधरी, वाइस चेयरमैन राजीव नारंग, जयभगवान सीकरी, बलकार सैनी, नवीन कपूर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
