गांव मंडोर में कथित अनाधिकृत कॉलोनी की शिकायत पर एडीसी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश- अनिल विज
बकाया लगभग 70 करोड़ प्रापर्टी टैक्स पर ऊर्जा मंत्री ने नगर परिषद अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले – विकास कार्यों पर खर्च करें अधिकारी व जनप्रतिनिधि- विज
फौजी की शिकायत पर विज गंभीर, बोले – “फौजी की जीवनभर की कमाई व्यर्थ नहीं जाने दूंगा”, मामला 52 लाख जमीनी धोखाधड़ी का
फरियादी से बोले मंत्री अनिल विज – “जिस कागज पर मैं साइन हो जाते है वो कागज थ्री नॉट थ्री गोली की तरह जाता हैं”
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी में जनसमस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
बिजली उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं, सात दिन में शिकायतों पर कार्रवाई रिपोर्ट दें-  विज

अम्बाला, 8 अक्टूबर– हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की जन समस्याएं सुनी और अलग-अलग शिकायतों पर उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त और उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को मामलों की जांच के लिए कमेटी गठित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा में होना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अम्बाला छावनी के गांव मंडोर की भूमि पर कथित रूप से अनाधिकृत कॉलोनी काटे जाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए श्री विज ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित कर मामले की जांच करवाई जाए तथा रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाए।
टुंडला मंडी निवासी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की छत पक्की करवाने के लिए आवेदन करने के बावजूद एक वर्ष से लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीएम, अम्बाला छावनी को मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा लापरवाही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर परिषद द्वारा नालों एवं सीवरेज की सफाई के लिए सकिंग एवं जेटिंग मशीन की खरीद से संबंधित शिकायत पर भी श्री विज ने जांच के आदेश दिए। शिकायतकर्ता पार्षद ने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों के अनुरूप मशीन की खरीद नहीं की गई। इस पर मंत्री ने एसडीएम, अम्बाला छावनी के नेतृत्व में एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि को लेकर श्री विज ने नगर परिषद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा लगभग 70 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाना है, जिसकी वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि इस राशि का उपयोग अम्बाला छावनी के विकास कार्यों में किया जा सके। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये की राशि जारी करवाई गई है और अब अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि इन विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
कबूतरबाजी के मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे 26.50 लाख रुपये लिए, लेकिन राशि वापस नहीं की और अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। इस पर श्री विज ने बलदेव नगर थाना पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सरसेड़ी निवासी महिला ने विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये ऑनलाइन तथा कुछ राशि नकद लेने के बावजूद एजेंट द्वारा न विदेश भेजने और न ही राशि वापस करने की शिकायत दी। मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए महेश नगर थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अम्बाला छावनी निवासी सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन ने 52 लाख रुपये की कथित जमीन धोखाधड़ी की शिकायत की और आरोप लगाया कि मामले में नामजद दो आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस पर श्री विज ने पंजोखरा थाना प्रभारी को कड़े निर्देश देते हुए कहा, “यह फौजी है, जिसने पूरी जिंदगी सीमा पर देश की सेवा की है। मैं उसके जीवनभर की कमाई को व्यर्थ नहीं जाने दूंगा।” उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में एचकेआरएन के 56 कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने की शिकायत पर श्री विज ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती सुमिता मिश्रा से फोन पर बात की और निर्देश दिए कि कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध करवाया जाए।
बिजली संबंधी शिकायतों पर श्री विज ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “मेरा नाम अनिल विज है। यदि विभाग के अधिकारी लोगों को धक्के खिलाएंगे तो मेरा सबको पता है। इसलिए बिजली उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं और उनके कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करें।” आज की सुनवाई में अम्बाला छावनी के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी बिजली बिल, बिजली की लटकती तारों, नए बिजली कनेक्शन एवं मीटर लगवाने जैसी शिकायतें प्राप्त हुईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
श्री विज ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत हरियाणा में 1.96 लाख से अधिक सोलर पंप लगाए जा चुके हैं और जल्द ही पात्र आवेदकों को सोलर पंप के कनेक्शन जारी किए जाएंगे। उन्होंने करधान रोड के एक हिस्से में पैचवर्क पूरा करने तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, “जिस कागज पर मैं हस्ताक्षर कर दूं, उसका काम रुकना नहीं चाहिए और उस व्यक्ति को दोबारा मेरे पास नहीं आना चाहिए। अनिल विज के हस्ताक्षर थ्री नॉट थ्री की गोली की तरह हैं।” उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों पर कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
श्री विज ने कहा कि अम्बाला छावनी के लोगों की जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनता कैंप आयोजित किया जाता है। अम्बाला छावनी से जुड़ी किसी भी शिकायत का समाधान सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। इसके साथ-साथ उनके विभागों से संबंधित शिकायतों की भी मौके पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान अन्य समस्याओं का निवारण मंत्री विज द्वारा किया गया और संबंधित अधिकारियों को आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, डीएसपी कुलदीप, नप अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, अजय बवेजा, हर्ष बिंद्रा, रवि बुद्धिराजा के अलावा अन्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *