अम्बाला, 02 अक्टूबर – देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्ष जनसेवा समर्पण के उपलक्ष्य पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा संकल्प/सेवा सेतु अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक अम्बाला छावनी में विभिन्न सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया जा रहा है।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने बताया कि इसी क्रम में दिनांक 03, अक्टूबर को अम्बाला छावनी दलीपगढ़ स्थित कम्यूनिटी सेंटर निकट राजकीय स्कूल में प्रात: 10 से 4:00 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान ने आज अद्भुत प्रगति कर ली है, लेकिन आज तक प्रयोगशाला में मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं बनाया जा सका है। रक्त केवल एक मानव शरीर से दूसरे मानव शरीर को ही दिया जा सकता है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया अभियान के तहत आगामी 4 अक्टूबर को जीएमएन कालेज में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं से जुड़ी मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा अन्य कार्यक्रम भी होंगे।
इसी तरह अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के तहत 5 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से एसडी कॉलेज में कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में तहत सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और मौके पर ही विभिन्न योजनाएं का लाभ लोगों को दिया जाएगा। कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कैम्प के दौरान विवाह पंजीकरण, जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, प्रॉपर्टी टैक्स निवारण, फैमिली आईडी, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आधार कार्ड अपडेशन, लाडो लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, ‘प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि’ (पीएम स्वनिधि) जैसी प्रमुख सेवाओं के लिए विशेष काउंटर बनाए जाएंगे। लाभार्थी कैंप में पहुंच योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
