मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिकायतों के निपटान, विकास कार्यों व ग्राम सभाओं की प्रगति की समीक्षा की
अंबाला, 25 सितम्बर।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के संबंध में एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी निर्धारित समयावधि में भेजना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त शुक्रवार को कैंप कार्यालय स्थित सभागार में जन-संवाद, सीएम विंडो, समाधान शिविर, सोशल मीडिया शिकायत ट्रैकर हरियाणा (एसएमजीटी) सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समाधान तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों से जन-संवाद, समाधान शिविर व अन्य शिकायत पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निपटान, विकास कार्यों तथा ग्राम सभाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका जल्द समाधान करवाएं। जिन मामलों में एक से अधिक विभागों का समन्वय आवश्यक है, उनमें आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समयबद्ध समाधान उपलब्ध करवाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं परियोजनाओं का लाभ लोगों तक सुगमता से पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग के अधिकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की निरंतर समीक्षा करें। उन्होंने ग्राम सभाओं के कार्यों तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटान करना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिले। सभी अधिकारी इसी उद्देश्य के साथ तत्परता से कार्य करें।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम वीरेंद्र सिंह सहरावत, नगराधीश अभिषेक गर्ग, डीआरओ प्रमोद चहल, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार भुक्कल, तहसीलदार आदित्य, जीएम रोडवेज अश्वनी ढोगरा, कार्यकारी अभियंता बिज़ली हरिश गोयल, कार्यकारी अभियंता नगर परिषद सुरेंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
