पिहोवा, 17 सितंबर – सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पिहोवा के ऐतिहासिक सरस्वती तीर्थ घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा नगर पालिका के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर सरस्वती घाट पर श्रद्धापूर्वक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों से सजे घाट का दृश्य अत्यंत मनमोहक एवं भक्तिमय रहा। उपस्थित लोगों ने मां सरस्वती के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
एसडीएम पिहोवा राहुल कनवारिया आईएएस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर पिहोवा के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सुंदरता और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे अभियानों को सफल बनाया जा सकता है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी संस्थाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती घाट पर बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। उपस्थित सभी लोगों ने पिहोवा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को स्वच्छ, सुंदर एवं संरक्षित बनाए रखने में सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा डीडी, नगरपालिका के चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, तहसीलदार पूनम सोलंकी, नगर पालिका पिहोवा के चेयरमैन आशीष चक्रपानी, राकेश पुरोहित सहित सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
