महापौर ने की विधिवत पूजा-अर्चना, शहरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
शिव कॉलोनी स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला एवं मंदिर में हवन एवं भंडारे में हुईं शामिल
करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने वीरवार को भगवान श्री विश्वकर्मा पूजा दिवस के पावन अवसर पर शिव कॉलोनी स्थित भगवान श्री विश्वकर्मा धर्मशाला एवं मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुति डालकर भगवान श्री विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही सभी के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके उपरांत महापौर ने भंडारे में भी सहभागिता की।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा सृजन, कौशल, परिश्रम और कर्म निष्ठा के प्रतीक हैं। उनकी शिक्षाएं प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य के प्रति ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में श्रमिकों, कारीगरों, तकनीकी विशेषज्ञों तथा हुनरमंद लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। भगवान विश्वकर्मा की पूजा हमें अपने हुनर और श्रम का सम्मान करने तथा बेहतर समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश देती है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भगवान श्री विश्वकर्मा से सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से समाज में सद्भाव और भाईचारा मजबूत हो तथा हर व्यक्ति अपने कर्म और कौशल के बल पर प्रगति की ओर बढ़े।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम में पार्षद ममता सैनी, प्रदीप पांचाल, सुशील पांचाल, मनोज पटवा, बलबीर सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजकों की ओर से महापौर रेणु बाला गुप्ता का कार्यक्रम में पहुंचने और सहभागिता करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।
