अंबाला, 3 सितंबर
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, अम्बाला द्वारा गांव फजैलपुर, उपलाना, पिलखनी एवं मोहडी में किसानों को एग्रीस्टैक एवं फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के दौरान किसानों को एग्रीस्टैक के अंतर्गत फार्मर आईडी बनवाने एवं पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों को फार्मर आईडी के महत्व तथा इसके माध्यम से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से जुडऩे में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया गया।
इसके अतिरिक्त किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) के प्रति जागरूक करते हुए फसल अवशेषों को खेतों में न जलाने तथा उनके उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध विभिन्न विकल्पों और कृषि यंत्रों के बारे में जानकारी दी गई। फसल प्रबंधन के लिए किसानों को हरियाणा सरकार के द्वारा प्रति एकड़ 1200/-रू0 वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस अवसर पर डॉ0 सिमरन जास्ट, उप मण्डल कृषि अधिकारी, अम्बाला ने किसानों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक उपस्थिति दर्ज कराएं। किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ मृदा की उर्वरता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
