अंबाला, 3 सितंबर
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए), अंबाला द्वारा आज एसजीपीसी स्कूल, अंबाला सिटी में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गीतांजलि गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सीजेएम एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान एवं जागरूकता का प्रकाश फैलाने का प्रतीक रहा।
इस अवसर पर एसजीपीसी स्कूल अंबाला शहर प्रधानाचार्या रजनी सूर्य, डीएलएसए के रिसोर्स पर्सन अधिवक्ता साहिल आर्य, स्कूल के शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कानूनी जागरूकता सत्र के दौरान डीएलएसए अंबाला के रिसोर्स पर्सन अधिवक्ता साहिल आर्य ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, बाल संरक्षण कानूनों, कानूनी साक्षरता के महत्व तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि विधिक सेवाएं प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को किस प्रकार नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करता है।
कार्यक्रम में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग एवं भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित जनसमूह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
सीजेएम गीतांजलि गोयल ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्कूल प्रशासन द्वारा आयोजित इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम की सराहना की और विद्यार्थियों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, कर्तव्यबोध एवं सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *