करनाल। वार्ड 18, न्यू प्रेम कॉलोनी की गली नंबर-3 के सामने कैथल रोड पर खुला पड़ा बरसाती नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बन सकता है। नाले का ढक्कन पिछले करीब दो महीने से गायब है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इसे दोबारा ढकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो महीने पहले बरसाती नाले की सफाई का काम करवाया गया था। सफाई के बाद नाले को ढकने के लिए लगाया गया ढक्कन गायब हो गया, जिसके बाद से नाला खुला पड़ा है। नाला काफी गहराई तक खुला है और इसके आसपास मिट्टी, मलबा तथा घास उगी हुई है।
खास बात यह है कि नाला सड़क और पैदल रास्ते के बिल्कुल समीप है। ऐसे में रात के समय या बारिश के दौरान यहां किसी राहगीर, बच्चे अथवा वाहन चालक के गिरने की आशंका बनी हुई है। कालोनी के संदीप, मनोज, कृष्ण ने कहा कि नाले की सफाई के बाद निकाला मलबा भी काफी कहने के बाद ठेकेदार द्वारा उठाया गया लेकिन नाले का ढक्कन आज तक नहीं लगाया गया। यदि समय रहते नाले को ढका नहीं गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर खुले नाले को तत्काल ढकवाया जाए, आसपास सुरक्षा व्यवस्था की जाए और सफाई कार्य के बाद नाले को खुला छोड़ने वाले लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
