करनाल, 13 अगस्त। करनाल की नई अनाज मंडी में वीरवार को स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रैस रिहर्सल हुई। डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सामूहिक मास पीटी शो, लेजियम डंबल का प्रदर्शन, परेड में शामिल टुकडिय़ों ने मार्च पास्ट किया। इस मौके पर एसपी नरेंद्र बिजराणिया भी मौजूद रहे।

डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने सर्वप्रथम शहीदी स्मारक पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत वह नई अनाज मंडी पहुंचे। जहां उन्होंने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर प्रोबेशनर डीएसपी राखी विश्वकर्मा के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस के जवानों की प्लाटून, होमगार्ड, एनसीसी आर्मी विंग ब्वॉयज एंड गल्र्ज व प्रजातंत्र के प्रहरी व नीलाखेड़ी गुरूकुल के बैंड की टुकडिय़ां मार्च करती हुए सलामी मंच के आगे से गुजरी। उपायुक्त ने परेड की सलामी ली।

इसके बाद स्कूली छात्रों ने पीटी शो का प्रदर्शन किया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। आर्याकुलम गुरुकुल नीलोखेड़ी के बच्चों का मलखम्ब तथा पार्थ पब्लिक स्कूल घरौंडा, डी.ए.वी स्कूल पुलिस लाईन, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल, ओ पी एस विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। राजकीय स्कूलों की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया।

नई अनाज मंडी में मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे ध्वजारोहण: डीसी
डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह नई अनाज मंडी करनाल में मनाया जाएगा। इस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी करेंगे। उन्होंने  लोगों से अपील की कि वे समारोह में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि जिला में उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

इस मौके पर एसपी नरेंद्र बिजराणिया, एडीसी डॉ राहुल रईया, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सीटीएम सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *