करनाल, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को करनाल में साइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा को विधायक जगमोहन आनंद ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले विधायक जगमोहन आनंद ने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। एनडीआरआई चौक से शुरू हुई यह यात्रा गीता द्वार से होते हुए वापस एनडीआरआई चौक पहुंचकर संपन्न हुई। साइकिल तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, अभिभावकों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। देश के वीर शहीदों ने स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन न्योछावर किया, इसलिए यह हमारा दायित्व है कि हम आने वाली पीढिय़ों को स्वतंत्रता के संघर्ष और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से अवगत कराएं। राष्ट्रीय ध्वज हमारे आत्मसम्मान और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इसके सम्मान में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब हम तिरंगे के सम्मान में इस प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लेते हैं तो हमारे मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से आयोजित साइकिल तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी बच्चों, अभिभावकों और प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

तिरंगा सेल्फी स्टैंड पर विधायक जगमोहन आनंद ने खिंचवाई सेल्फी, आमजन से की अधिकाधिक भागीदारी की अपील

विधायक जगमोहन आनंद ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में स्थापित सेल्फी स्टैंड के साथ फोटो खिंचवाई। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे तिरंगे के साथ अधिक से अधिक फोटो खिंचवाकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करें और इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ फोटो खिंचवाना केवल उत्साह का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का माध्यम भी है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि कवीन्द्र राणा, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, तहसीलदार कृष्ण, डी आई पी आर ओ सत्यवान महिवाल सहित बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक, गणमान्य नागरिक तथा जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *