करनाल। पावन शिवरात्रि के उपलक्ष्य में सेक्टर-9 की सदानंद कॉलोनी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित हवन एवं विशाल भंडारे में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की ओर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं आयोजनकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। महापौर ने भगवान नर्मदेश्वर महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन किया और पवित्र जल अर्पित कर समस्त करनालवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर हवन में आहुति अर्पित करने के उपरांत श्रद्धालुओं से संवाद में महापौर ने कहा कि शिवरात्रि केवल भगवान शिव की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि आत्मसंयम, सेवा, त्याग और मानव कल्याण का संदेश देने वाला पावन अवसर भी है। भगवान भोलेनाथ का स्वरूप सादगी, सहनशीलता और सभी के कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार जुड़ते हैं तो ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि इसमें पूजा के साथ सेवा और भक्ति के साथ मानव कल्याण को महत्व दिया गया है। मंदिरों में आयोजित हवन, भंडारे और अन्य धार्मिक कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजकों द्वारा शिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
महापौर ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आयोजनकर्ताओं से आत्मीय भेंट की और शिवरात्रि के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश की प्रगति, जनकल्याण और समाज में आपसी सद्भाव की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
इसके उपरांत महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विशाल भंडारे में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि भंडारा केवल प्रसाद वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि समानता, अपनत्व और सेवा भावना का प्रतीक है, जहां हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करता है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत बनाते हैं।
शिव भक्तों ने लगाए जयकारे
इस अवसर पर समाजसेवी सुनील गोयल सहित अन्य गणमान्य श्रद्धालु एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ शिवरात्रि पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
