करनाल। रेलवे रोड स्थित राजकीय कन्या संस्कृत एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित जिलास्तरीय विधिक साक्षरता प्रतियोगिता में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विधिक विषयों के साथ-साथ संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह और विधिक विषयों को लेकर उनकी समझ देखकर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता केवल कानून की जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही संविधान और कानून की मूल भावना से परिचित कराना एक जिम्मेदार एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महापौर ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में कानून के प्रति सम्मान, नागरिक जिम्मेदारियों की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं। जब युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझेंगे, तभी न्यायपूर्ण, जागरूक और सशक्त समाज की मजबूत नींव तैयार होगी।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में दिखाई दे रहा आत्मविश्वास और जागरूकता इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी अपने अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर गंभीरता से आगे बढ़ रही है। महापौर ने कहा कि विधिक जागरूकता ही न्यायपूर्ण, जिम्मेदार और सशक्त समाज की नींव है, इसलिए इस दिशा में विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

प्रधानाचार्य ने जताया आभार
इस दौरान महापौर ने विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सहित शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों से आत्मीय भेंट में सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य महेंद्र ने महापौर रेणु बाला गुप्ता का विद्यालय पहुंचने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापौर की उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा। साथ ही उन्हें विधिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषय को और गंभीरता से समझने की प्रेरणा मिली।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *