करनाल, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इस समारोह के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन, करनाल में रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान मास पीटी शो, परेड की विभिन्न टुकडिय़ों तथा सांस्कृतिक टीमों ने उत्साहपूर्वक पूर्वाभ्यास में भाग लिया और रिहर्सल के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, डीआईपीआरओ सत्यवान महीवाल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इंचार्ज ईशा चौधरी व बीईओ संजीव कुमार मौजूद रहे और कार्यक्रमों का अवलोकन किया।
रिहर्सल के दौरान आईपीएस राखी विश्वकर्मा के कुशल नेतृत्व में अनुशासन एवं कदमताल के साथ पुलिस विभाग की पुरूष व महिला प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, एनसीसी आर्मी विंग बॉयज एंड गल्र्ज व प्रजातंत्र के प्रहरी की प्लाटून ने मार्च पास्ट का अभ्यास किया। वहीं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले मास पीटी शो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रिहर्सल की। संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तुतियों की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का जायजा लिया और कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए समारोह में प्रस्तुत की जाने वाली गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन किया।
पूर्वाभ्यास के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए दयाल सिंह स्कूल, डीएवी पुलिस लाइन, पार्थ पब्लिक स्कूल, ओपीएस विद्या मंदिर, विभिन्न राजकीय स्कूलों की छात्राओं के हरियाणवी डांस की टीमों ने भाग लिया, आर्यकुल गुरूकुल नीलोखेड़ी के छात्रों बैंड का प्रदर्शन किया तथा गुरुकुल के बच्चों ने मलखंभ की प्रस्तुति दी। अधिकारियों ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीमों को कल अंतिम रूप दिया जाएगा और 13 अगस्त का फाइनल रिहर्सल होगी। जिसमें उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
