कुरुक्षेत्र, 11 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग में बी.एच.एम. एंड सी.टी. प्रथम सेमेस्टर में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, अनुशासन, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा होटल एवं पर्यटन उद्योग में उपलब्ध करियर के अवसरों से परिचित करवाना रहा।
कार्यक्रम में विभाग के चेयरपर्सन डॉ. मोहिंदर चंद ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि होटल प्रबंधन एवं पर्यटन का क्षेत्र आज तेजी से विस्तार कर रहा है और इस क्षेत्र में मेहनती एवं कुशल युवाओं के लिए देश-विदेश में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अध्ययन के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्किल, प्रोफेशनल एटीट्यूड, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक कौशल को विकसित करें। डॉ. मोहिंदर चंद ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया गया समय उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का अवसर है। विद्यार्थियों को हर अवसर का सकारात्मक रूप से लाभ उठाते हुए नई तकनीकों और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी होटल एवं पर्यटन उद्योग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा होटल एवं पर्यटन उद्योग की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश धनखड़, डॉ. सुरजीत कुमार, डॉ. महेश, डॉ. मेघा गुप्ता, डॉ. संदीप धनखड़, डॉ. राहुल गर्ग, प्रोफेसर मंजीत कुमार, शेफ अमित जांगड़ा एवं शेफ गौरव सिंह उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *