कुरुक्षेत्र 7 अगस्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सीएम अनाउंसमेंट के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, इन कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। जिले में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बनाए जा रहे सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्य अक्टूबर महीने तक पूरा किया, ताकि नवंबर महीने में होने वाले कार्यक्रमों में नागरिकों द्वारा उनका प्रयोग किया जा सके। सीएम अनाउंसमेंट की परियोजनाओं से संबंधित कार्य की प्रगति को संबंधित विभाग का अध्यक्ष स्वयं समीक्षा करे। जो प्रोजेक्ट मुख्यालय स्तर पर लंबित हैं, उन सभी प्रोजेक्टों का उपायुक्त कार्यालय से पत्राचार करवाया जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम अनाउंसमेंट को लेकर आयोजित बैठक में समीक्षा कर रहे थे। जिले की सीएम अनाउंसमेंट की 633 परियोजनाओं में से 123 पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग के वेटनरी अस्पताल बिहोली की बिल्डिंग में अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू हो चुकी है, यहां पर एक्स-रे मशीन स्थापित करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा पत्राचार किया जाएगा। हरियाणा कला परिषद कलाकृति भवन कुरुक्षेत्र के रेस्ट हाउस व कमरों के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। बिजली वर्क को जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्क कम व्यामशाला जोगना खेड़ा, मिर्जापुर का कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कम्यूनिटी सेंटर रामशरण माजरा, बीड मथाना, ईशरगढ़ के निर्माण कार्य को तेजी से करवाते हुए अक्टूबर तक पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम खत्म होते ही सडक़ निर्माण, पैचवर्क, रास्तों के निर्माण अन्य कामों को शुरू करके समय पर पूरा किया जाए, ताकि राहगीरों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो और आवाजाही आसान हो। इसके साथ ही मार्गों पर हादसे कम हों।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लाडवा विधानसभा में सीएम अनाउंसमेंट के कार्यों को तेज गति और गंभीरता के साथ तय समय में किया जाए। इन कार्यों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। लाडवा के उपमंडल सचिवालय का निर्माण कार्य तेज गति से करवाया जा रहा है। विश्रामगृह के कार्य की टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएचसी बरोट के अतिरिक्त कार्य के लिए पत्राचार हो चुका है। सीएचसी लाडवा को 50 बैड अस्पताल बनाने के कार्य को सर्वे कार्य हो चुका है, जल्द ही आगे की प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा। इसके लिए जिन गांवों में 21-21 लाख रुपए दिए गए हैं, उनके कार्यों को पूरा करवाया जाए। इसी तरह अन्य कामों में गति दी जाए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, एसडीएम थानेसर अमन कुमार, एसडीएम पिहोवा गुरविंद्र सिंह, नगराधीश अशीष कुमार, डीआरओ चेतना चौधरी, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, जीएम रोडवेज समिंद्र सिंह, डीडीपीओ विकास कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
