कुरुक्षेत्र 6 अगस्त जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार 6 अगस्त 2026 को कुरुक्षेत्र जिले में वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य शिविर और स्तनपान जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य शिविर जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और डिस्पेंसरियों में लगाए गए। बणी में डॉ पूजा मंढान, लुखी में डॉ तन्वी, यारा में डॉ संदीप, सारसा में डॉ प्रगति, मूर्तजापुर में डॉ महिपाल, दबखेड़ा में डॉ मीना, उमरी में डॉ रीना, कलाल माजरा में डॉ संतोष, बारवा में डॉ मोनिका, खरकाली में डॉ सपना, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी धांगली में डॉ वीरेंद्र मेहरा और होम्योपैथिक डिस्पेंसरी चनारथल में डॉ रीतू के सहयोग से ये शिविर चल रहे है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि इन शिविरों में संबंधित चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और अन्य स्टाफ की मदद से 230 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की जांच की गई, दवाइयां वितरित की गईं और योग से होने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया गया। एलएनजेपी अस्पताल के आयुष विंग में डॉ. आरुषि द्वारा स्तनपान जागरूकता शिविर लगाया गया, जिसमें माताओं को स्तनपान का महत्व, सही तकनीक, मां और शिशु के लाभ तथा सामान्य समस्याओं के समाधान बताए गए। शिविर के बाद सूक्ष्म व्यायाम और ग्रीवा संचालन का अभ्यास भी कराया गया। इसके अलावा ज्योतिसर आंगनबाड़ी केंद्र में भी डॉ. कोमल सैनी और गीता देवी द्वारा स्तनपान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि श्री दुख भंजन महादेव मंदिर में डॉ. सोनाक्षी धीमान, सिम्मी व अन्य स्टाफ द्वारा कावडिय़ों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेशभर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से वृद्ध स्वास्थ्य पोर्टल पर पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक फॉलो-अप, आयुर्वेदिक परामर्श, योग मार्गदर्शन तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। आयुष विभाग का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर उनके स्वस्थ, सम्मानजनक एवं सक्रिय जीवन को बढ़ावा देना है।
