करनाल। आगामी 10 अगस्त को प्रस्तावित ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ भव्य तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक, अनुशासित एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।इसमें महापौर रेणु बाला गुप्ता ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए पूरे अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर और वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक सुखीजा सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि तिरंगा भारत की अस्मिता, गौरव, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का अमर प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और समर्पण की जनभावना का उत्सव है। हमारा प्रयास है कि 10 अगस्त की तिरंगा यात्रा करनाल के इतिहास में राष्ट्रभक्ति के सबसे भव्य आयोजनों में शामिल हो, जहां हर घर, हर हाथ और हर दिल तिरंगे के सम्मान से जुड़ा दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज एकजुट होकर राष्ट्रध्वज के सम्मान में आगे बढ़ता है, तब राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता और अधिक मजबूत होती है।
बैठक में यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं, मार्ग, जनसंपर्क, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की भागीदारी तथा अधिकाधिक नागरिकों को जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि तिरंगा यात्रा देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा देने वाला अभियान है। प्रत्येक नागरिक को इसमें सहभागी बनकर राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम की इस भावना को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री सुभाष चंद एवं मानव पुरी, शहरी मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, कर्ण मंडल अध्यक्ष नवीन बत्रा, अर्बन मंडल अध्यक्ष गौरव खुराना, रामनगर मंडल अध्यक्ष मोहित सचदेवा सहित अन्य सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
परिवार सहित हों सम्मिलित
बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों से आह्वान किया गया कि वे 10 अगस्त को परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के इस महाअभियान को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।
