करनाल, 6 अगस्त। उपायुक्त करनाल ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन, कैथल रोड, करनाल में किया जाएगा। समारोह के सफल आयोजन के लिए आवश्यक विभिन्न प्रकार की सामग्री की आपूर्ति हेतु हरियाणा सरकार की ई-टेंडरिंग प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक फर्में एवं आपूर्तिकर्ता 13 अगस्त 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले समारोह के लिए निर्धारित श्रेणियों के अंतर्गत ई-टेंडर में भाग ले सकते हैं। टेंडर से संबंधित सभी नियम एवं शर्तें उपायुक्त कार्यालय, करनाल द्वारा ई-टेंडर पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि ई-टेंडर के अंतर्गत टेंटेज सामग्री, फ्लेक्स, बैनर एवं आयरन स्टैंड की आपूर्ति, निमंत्रण पत्र, प्रशंसा-पत्र एवं सहभागिता कार्ड की आपूर्ति तथा मोमेंटो, ट्रॉफी एवं शॉल की आपूर्ति के लिए अलग-अलग निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। प्रत्येक निविदा के लिए निर्धारित टेंडर फीस, धरोहर राशि (ईएमडी), निविदा जमा करने, प्री-बिड बैठक तथा टेंडर खोलने की तिथियां एवं समय ई-टेंडर पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
उपायुक्त ने बताया कि सभी इच्छुक बोलीदाता निर्धारित समयावधि के भीतर केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपनी निविदाएं प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन निविदा स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तुत की गई निविदाएं उपायुक्त, करनाल की स्वीकृति के उपरांत ही मान्य होंगी। उपायुक्त को किसी भी निविदा को बिना कारण बताए स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने इच्छुक फर्मों एवं आपूर्तिकर्ताओं से अपील की कि वे ई-टेंडर पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों एवं शर्तों का अवलोकन करने के उपरांत निर्धारित अवधि के भीतर अपनी ऑनलाइन निविदाएं अवश्य प्रस्तुत करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *