पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा वाहन चालकों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने बताया कि जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी एवं वाहन जांच अभियान चलाए जाएंगे। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट तथा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहनों के चालान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट प्रत्येक वाहन के लिए आवश्यक है और इससे वाहन की पहचान आसान होने के साथ-साथ अपराधों की जांच में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन वाहनों पर अभी तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है, वे शीघ्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इसे लगवाएं तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से बचें। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह अभियान केवल चालान करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने वाहन के सभी दस्तावेज और नंबर प्लेट नियमानुसार रखने की अपील की।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
