करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बुधवार को हांसी रोड स्थित माता मंदिर से श्रद्धा, आस्था एवं सनातन संस्कृति के पावन प्रतीक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं सहित रवाना किया। इस अवसर पर शिवभक्ति के पावन जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी सनातन परंपरा, आस्था, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास भारतीय संस्कृति की उस महान विरासत को दर्शाता है, जिसने सदियों से समाज को एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों का समर्पण, संयम और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
महापौर ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह पावन यात्रा सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली का संचार हो। साथ ही हमारा समाज प्रेम, भाईचारे, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वच्छता, यातायात नियमों और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने का भी आग्रह किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष जसपाल वर्मा, सतपाल, विनोद पाल सहित अन्य गणमान्यजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में “हर-हर महादेव” और “बोल बम, जय शिव शंकर” का गगनभेदी उद्घोष निरंतर गुंजायमान रहा।
