कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त : जग ज्योति दरबार में सावन महीने के चलते सर्व कल्याण के संकल्प के साथ विश्व जाट महासभा के संत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत राजेंद्र पुरी की कठोर खड़ी तपस्या चल रही है। इसी के साथ अन्य संतों के सान्निध्य में सावन महीने का निरंतर शिव पूजन अनुष्ठान एवं अभिषेक भी चल रहा है। इसी के साथ प्रतिदिन दरबार में भगवान शिव भजनों का गुणगान एवं सत्संग भी किया जा रहा है।
मंगलवार को दरबार में छठे दिन महंत राजेंद्र पुरी ने कठोर खड़ी तपस्या करते हुए यजमान जसविंदर सिंह, मनप्रीत कौर, बहादुर सिंह, हरनाम सिंह इत्यादि के साथ भगवान शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक किया।
महंत राजेंद्र पुरी ने पूजन के उपरांत भगवान शिव के मधुर भजनों का गुणगान करते हुए कहा कि मानव जीवन में शिव पुराण में बड़े से बड़े संकट का समाधान है। भगवान शिव की शरण में आए प्राणी को कोई शक्ति हानि नहीं पहुंचा सकती है। उन्होंने बताया कि शिवपुराण में शिव के कल्याणकारी स्वरूप का तात्त्विक विवेचन, रहस्य, महिमा और उपासना का विस्तृत वर्णन है। इसमें इन्हें पंचदेवों में प्रधान अनादि सिद्ध परमेश्वर के रूप में स्वीकार किया गया है।
महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि भगवान शिव अपने भक्तों पर हमेशा कृपा दृष्टि बनाए रखते हैं। शिव भजनों में श्रद्धालुओं की मस्ती भी देखते ही बनती थी। दरबार में शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक के लिए दूर दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर स्वामी जगदीश्वरानन्द, स्वामी सोमेश्वर, स्वामी हरिदास, जय कुमार, अरुण भारद्वाज, लाल चंद, रामेश्वर, अक्षय राठी, अजय राठी, विजय राठी, कन्हैया लाल एवं मनप्रीत सिंह इत्यादि भी मौजूद रहे।
