कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और नागरिक उड्डयन विभाग मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की कर्मभूमि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र ऐसी धरोहर है, जिनको विश्व भर में पूजा जा रहा है। इसके साथ ही मौजूदा समय में कुरुक्षेत्र सीएम सिटी भी है। इस शहर को धार्मिक,पर्यटन, सांस्कृतिक दृष्टिï से विकसित किया जाना है। कैबिनेट मंत्री ने केडीबी व नगर निकाय को निर्देश देते हुए बेहतर एजेंसी से शहर को विकसित करने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड व शहरी निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कुरुक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण ने विश्व कल्याण के लिए गीता ज्ञान दिया। यहां पर ज्योतिसर, ब्रह्मसरोवर प्रसिद्ध है। कुछ समय पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाभारत अनुभव केंद्र को शुरू किया है। इसके साथ ही यहां पर सिख संग्रहालय और संत शिरोमणि श्री रविदास धाम भी तैयार किया जा रहा है। ऐसे में यहां पर भगवान श्री कृष्ण ज्ञान, सिख गुरुओं के बलिदान, त्याग और संतों की शिक्षाओं का संगम एक साथ मिल सकेगा। पर्यटकों के लिए अनेक विकल्प होंगे, जो कुरुक्षेत्र में पर्यटकों को बढ़ावा देगा।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र, लाडवा और पिहोवा में केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड के तहत एक-एक मार्ग को विकसित करना है। इसके तहत बाजार का जीर्णोद्वार, लाइटें, पार्क शामिल हो सकते हैं। ऐसे मार्ग को चिन्हित करके उसका प्लान तैयार करें और सरकार के पास भेजे। इस कार्य को तेजी के साथ पूरा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से काम की भव्यता दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए फंड की कमी नहीं है, जिस क्षेत्र में जो कार्य चल रहे हैं अधिकारी अपने क्षेत्र में काम और क्वालिटी को लगातार चैक करे। सरकार की टैक्स स्कीमों को धरातल पर पहुंचाकर नागरिकों को लाभ दें। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास कार्य के लिए चंडीगढ़ पहुंचकर फंड की मंजूरी ले सकते हैं। फंड की कमी में विकास कार्य रुकना नहीं चाहिए।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नगर परिषद थानेसर, नगर पालिका लाडवा, नगर पालिका पिहोवा, नगर पालिका शाहाबाद व नगर पालिका इस्माईलाबाद के विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही टैक्स रिकवरी, स्वीपिंग, डोर टू डोर कलेक्शन सहित अन्य प्रकार की विस्तृत जानकारी हासिल ली।
प्रदेश के पहले स्ट्रीट फूड हब को मिली मंजूरी, गीता जयंती से पहले होगी तैयार
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश की पहली स्ट्रीट फूड हब को मंजूरी मिल गई है। इस स्ट्रीट फूड हब को गीता जयंती से पहले ही तैयार किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला ग्राउंड में करीब 2 एकड़ जगह को करीब 4 करोड़ रुपए में स्ट्रीट फूड हब के तौर पर तैयार किया जाएगा। इसको चार जोन में बांटा जाएगा। इनमें साउथ इंडियन, नोर्थ इंडियन जोनों में बांटकर तैयार किया जाएगा। इस स्ट्रीट फूड हब में रजिस्टर्ड वेंडर को शामिल किया जाएगा।
महाभारत थीम पर बनाए जाने वाले 8 चौकों को मिली मंजूरी
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नगर परिषद थानेसर द्वारा शहर के 8 चौकों को महाभारत थीम पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 8 चौकों को बनाने की मंजूरी दी गई है। सभी चौकों को महाभारत थीम पर विकसित किया जाएगा। गीता द्वार को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। नेशनल हाईवे से जाते हुए द्वारा पूरा नजर आएगा।
हरि हर पथ, शिव-शक्ति कोरिडोर व 8 कोस परिक्रमा से बढ़ेगी धार्मिक भावना: उपेंद्र सिंघल
केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने कहा कि ब्रह्मïसरोवर को ज्योतिसर के साथ जोडऩे के लिए 6.5 किलोमीटर के हरि हर पैदल पथ बनाने, शहर के मंदिरों को जोडऩे के लिए 8 कोस परिक्रमा पथ और प्रदेश के एकमात्र शक्तिपीठ प्रसिद्घ देवीकूप भद्रकाली शक्तिपीठ से स्थानेश्वर महादेव मंदिर तक शिव-शक्ति कोरिडोर बनाने की आवश्कता है। इससे श्रद्घालुओं में धार्मिक भावना बढ़ेगी और कुरुक्षेत्र की महत्व का ओर अधिक प्रचार होगा।
इस मौके पर केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, डीएमसी अमन कुमार, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, नगर परिषद थानेसर चेयरपर्सन माफी ढांडा, डीआरओ चेतना चौधरी, नगर परिषद ईओ राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *