कुरुक्षेत्र, 04 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में सोमवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के अंतर्गत साइबर सेफ्टी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल युग की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केयू यूआईईटी निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कार्यशाला में भाग लेने वाले शिक्षकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा कहा कि डिजीटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सतर्कता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर ही साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाओं के नियमित आयोजन पर बल दिया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में रुद्राक्ष के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वहीं कार्यशाला के प्रथम सत्र में केयू आईटी सेल के प्रमुख डॉ. प्रदीप मित्तल ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। दोपहर के सत्र में कंप्यूटर विभाग के डॉ. संजय त्यागी ने शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं विशेषज्ञों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों तथा कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान और कौशल को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *