करनाल, 3 अगस्त। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की पहल पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की शिकायतों के निराकरण का प्रभावी मंच बनकर उभरे हैं। इन शिविरों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उपायुक्त सोमवार को जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतें सुन रहे थे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल स्तरों पर आयोजित समाधान शिविरों में सोमवार को कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें करनाल मुख्यालय पर 9, नीलोखेड़ी उपमंडल में 2 तथा इंद्री उपमंडल में 1 शिकायत दर्ज की गई। वहीं घरौंडा एवं असंध उपमंडल में आयोजित समाधान शिविरों में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

करनाल मुख्यालय पर आयोजित शिविर में ग्राम गोंदर निवासी सुरिंदर राणा ने पंचायत की गली-रास्ते पर कथित अतिक्रमण हटवाने, बलविंदर कौर ने राजस्व अभिलेखों में संशोधन एवं इंतकाल संबंधी, बलवान सिंह ने अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने एवं धमकी मिलने, कमलदीप ने खरीदे गए प्लाट का इंतकाल करवाने, राजकुमार ने ग्राम ऊंचा समाना में मंदिर निर्माण एवं कथित फर्जी ट्रस्ट से संबंधित मामले की जांच करवाने, सुनहरी ने बिजली मीटर पुनः स्थापित करवाने, अंजली ने वर्षा से क्षतिग्रस्त मकान के लिए सरकारी सहायता प्रदान करने, चरण सिंह ने मनरेगा मजदूरी से संबंधित तथा विजय पाल ने बीपीएल राशन कार्ड पर समय पर राशन, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध न कराने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की।

नीलोखेड़ी उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में अवतार सिंह ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में बुढ़ापा पेंशन का सत्यापन तथा वीना भारिया ने पीपीपी में जन्मतिथि का सत्यापन करवाने संबंधी शिकायत दर्ज कराई। इंद्री उपमंडल में जय भगवान ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सीटीएम सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *