करनाल, 3 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा स्थित विश्राम गृह में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें एवं मांगें लेकर पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतया: प्रतिबद्ध है तथा अधिकारियों को जनसेवा की भावना से कार्य करना चाहिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वे नियमित रूप से जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करते हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित हो सके तथा प्रशासन आमजन के प्रति जवाबदेह बना रहे।
कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों द्वारा 13 में से 7 स्वर्ण पदक जीतने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। खिलाडिय़ों की मेहनत, समर्पण तथा प्रदेश सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों के परिणामस्वरूप हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से छोटा राज्य अवश्य है, लेकिन खेल, कृषि, आधारभूत ढांचे, सुशासन एवं जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
कांवड़ यात्रा के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि सावन माह में लाखों श्रद्धालु अपनी आस्था एवं श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं। राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आस्था के साथ-साथ अनुशासन एवं यातायात व्यवस्था का भी पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित कर अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
