कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त। सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर प्रसिद्ध दु:खभंजन मंदिर में हवन-यज्ञ एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना करते हुए विश्व के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। हवन में पूर्णाहुति डालकर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में शिवलिंग को रुद्राक्ष की मालाओं एवं रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव की पूजा की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी सुशील कुमार शास्त्री ने बताया कि सोमवार का दिन भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि सोमवार को शिव पूजा करने से चंद्र देव प्रसन्न होते हैं और भगवान शिव की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व है।
इस अवसर पर मंदिर के मैनेजर एच.के. पाल, ज्ञान चंद पराशर, कुलवंत सिंह भट्टी, सुभाष सैनी, विवेक भारद्वाज, सनी मरवाह, राजेंद्र शर्मा, वेद ग्रोवर, ओमप्रकाश, आनंद वालिया, राजकुमार शर्मा, राजपाल कोहली, डॉ. सत्य नारायण शर्मा, बलजीत सैनी, श्याम बारना, दर्शन पुरी, नवीन बजाज, हर्षित मिगलानी, मनोहर लाल खुंगर, दर्शन पाहवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
