कुरुक्षेत्र, 31 जुलाई : अग्रवाल धर्मशाला में श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन (साया) की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा साथ ही निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त से 30 अगस्त तक पूरे सावन महीने में पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा तथा लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बैठक में संस्था द्वारा सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया गया। बैठक में यह सुझाव भी रखा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की गरीब कन्याओं के विवाह में संस्था सहयोग करेगी। साथ ही समाज में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से खेल प्रतियोगिताओं एवं टूर्नामेंटों के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा गया, जिसका सभी सदस्यों ने स्वागत किया। इस अवसर पर सुमित मित्तल, पियूष गोयल, विवेक बंसल, विनोद सिंगला, नवीन सिंगला, सचिन अग्रवाल, अंकुश गर्ग,हिमांशु बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। साया के प्रधान नवीन बंसल ने कहा कि श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी। सभी युवाओं के सहयोग से संस्था सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के नए आयाम स्थापित करेगी।
