करनाल। देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान क्रांतिकारी अमर बलिदानी सरदार उधम सिंह कंबोज की 87वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को करनाल में उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। सेक्टर-9 स्थित शहीद उधम सिंह चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और राष्ट्र के महान सपूत को नमन किया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि सरदार उधम सिंह का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में साहस, संकल्प और अद्वितीय राष्ट्रप्रेम के प्रतीक के रूप में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन हमें सिखाता है कि देश के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प और समर्पण कितना महत्वपूर्ण है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड में निर्दोष भारतीयों के साथ हुए अत्याचार ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस अन्याय के विरुद्ध सरदार उधम सिंह ने लंदन के कैक्सटन हॉल में तत्कालीन पंजाब के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ड्वायर को गोली मारकर अपने संकल्प को पूरा किया। उनका यह साहस भारतीय इतिहास की अमिट गाथा है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें लाखों वीर क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान से मिली है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। विशेषकर युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
महापौर ने कहा कि शहीद सरदार उधम सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनका जीवन संदेश देता है कि राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ भी नहीं है और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अमर बलिदानी सरदार उधम सिंह कंबोज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गौरव खुराना, पार्षद सुभाष काम्बोज, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश अरोड़ा, भाजपा कार्यकर्ता शाम लाल, संजीव बजाज सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
