कुरुक्षेत्र, 31 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 2026 को जन जन तक पहुंचाने के लिए हर विभाग का सहयोग जरूरी है। सभी के साझे प्रयासों से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान को यादगार बनाया जाएगा। इस अभियान को लेकर हर विभागाध्यक्ष विभाग के स्तर पर योजना तैयार करेगा ताकि हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में बातचीत कर रहे थे।  उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 2026, विभाजन विभीषिका और वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। उपायुक्त ने कहा कि भारत पाकिस्तान बंटवारे के समय जो लोग शहीद हो गए थे, उन लोगों की कुर्बानियों को याद करने के लिए विभाजन विभीषिका कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी और विभिन्न स्कूलों में प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और बंटवारे के विषय में उनकी भावनाओं को सुना जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के आदेशानुसार 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के साथ वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान बाइक रैली, साइकिल रैली, ई बाईक रैली, तिरंगा यात्राएं आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के साथ सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, लोकल बॉडी, धार्मिक सामाजिक संस्थाओं के साथ साथ आमजन को साथ जोड़ा जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान उन शहीदों को याद किया जाएगा, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश के लिए अपनी कुर्बानियां दी थी। इस दौरान स्कूलों में प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *