कुरुक्षेत्र, 31 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिला की चारों विधानसभाओं में फोटो युक्त मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूचियों को प्रारम्भिक प्रकाशन किया गया है। अब 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक बीएलओ, संबंधित निर्वाचक,सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अलर्ट मोड में रहकर दावे व आपत्तियां स्वीकार करेंगे। इन दावे व आपत्तियों का निपटान कार्य 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसआईआर विषय को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की एक बैठक को सम्बोधित करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला की चारों विधानसभाओं का ड्राफ्ट रोल शुक्रवार 31 जुलाई को प्रकाशित कर दिया गया है। मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ ही मतदाता सूचियां की प्रति आमजन व मतदाताओं के निरीक्षण हेतु प्रत्येक विधानसभा के खंड कार्यालय, नगर पालिकाओं तथा तहसीलों में उपलब्ध रहेगी। अब जिले के ड्राफ्ट रोल में 677498 मतदाता शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 106333 मतदाताओं के वोट कटे हैं। इनमें 27708 की डेथ, 32299 अनुपस्थित, 37986 शिफ्टिड, 5869 पहले से दर्ज और 2471 के अन्य कारण पाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला में कुल 810 बूथ पर 810 बीएलओ नियुक्त हैं। जिले में 783831 मतदाता थे, इनमें से 677498 वोटरों को एन्यूमरेशन फार्म डिजिटाइज किया गया है। जिले में 48707 मतदाताओं का डाटा की मैपिंग नहीं हो पाई। बीएलओ द्वारा 111713 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 106333 एन्यूमरेशन फार्म एकत्रित नहीं हो पाए। सर्वे के दौरान 27708 की डेथ, 32299 मतदाता ट्रेक नहीं हो पाए, 37986 मतदाता स्थाई शिफ्ट हो चुके हैं, 5869 मतदाता पहले से दर्ज पाए गए और 2471 मतदाताओं के अलग-अलग विभिन्न कारण होने पर उनके मत को हटाया गया है।
उन्होंने कहा कि ने राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों को बताया कि लाडवा विधानसभा के ड्राफ्ट रोल में 179384 मतदाता, शाहाबाद विधानसभा में 154795 मतदाता, थानेसर विधानसभा में 177491 और पिहोवा विधानसभा में 165828 मतदाता ड्राफ्ट रोल में शामिल किए गए है। उन्होंने £हा कि अब आगामी 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अगर किसी मतदाता का नाम 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली लिस्ट में नहीं है तो वह फार्म 6 भर अपना नाम पुन: दर्ज करवा सकते हैं। फाइनल लिस्ट में उनका नाम शामिल कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं कटेगा। ईआरओ के निर्णय पर मतदाता 15 दिन के अंदर जिला स्तर पर अपील कर सकता है फिर भी समस्या आती है तो 30 दिन के अंदर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अपील कर सकता है। इसलिए 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे व आपत्तियों के साथ-साथ 28 सितंबर तक नोटिस फेज व आपत्तियों के समाधान का कार्य भी चलेगा। नोटिस फेज में बीएलओ की तरफ से ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा जिनका पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है या फिर मिलान में किसी भी प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 के माध्यम से पात्र व्यक्ति खुद का नाम मतदाता सूची में जोड़ सकते हैं, 1 जुलाई, 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनने के लिए फार्म 6 भरने की सुविधा दी गई है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं या जो किन्हीं वजहों से गणना प्रपत्र नहीं भर सके थे वह भी फार्म 6 भर सकते हैं। फॉर्म 7 के तहत मतदाता अपना नाम हटवाने के लिए भर सकते हैं जिनका नाम पहले से ही मतदाता सूची में है। फॉर्म 8 की मदद से मतदाता अपने मतदाता कार्ड में कुछ बदलाव करने या कोई गलती है तो उसे सुधारने के लिए भर सकते हैं। यह सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि वे खुद और मंडलायुक्त भी फॉर्म को चेक करेंगे। जो भी दावे आपत्तियों होंगे उनकी सूची बनाकर हर रोज संबंधित उपमंडल कार्यालय और जिला स्तर पर चसपा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई वोट बनाने से संबंधित कॉलेज में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिला चुनाव कार्यालय द्वारा किसी भी प्रकार की जानकारी लेने से संबंधित टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया है, इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 8168837901 भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि वे हर सप्ताह राजनीतिक पार्टियों के साथ विशेष बैठक करेंगे तथा उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि मतदाता को जागरूक करें ताकि कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस मौके पर एसडीएम थानेसर अमन कुमार, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार, 48 कोस तीर्थ विकास एवं निगरानी कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, भाजपा से सुशील राणा, विनीत बजाज, इनेलो से सुरेश नैन, सरदार बूटा सिंह, जयपाल, कांग्रेस से सुभाष, बीएसपी से शकुंतला भट्टी, पवन कुमार, मानसिंह, सहायक मीनू सैनी, सर्वजीत, राजकुमार मेहंदी रत्ता,सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
