कुरुक्षेत्र 30 जुलाई महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश अनुसार जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में वीरवार को आयुष विभाग द्वारा जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं एलएनजेपी हॉस्पिटल के आयुष विंग में स्वास्थ्य जागरूकता, वृद्ध सेवा, योग एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोहार माजरा में डॉ. जागीर, चनार्थल में डॉ. ऋतु, मुर्तजापुर में डॉ. महिपाल, कलाल माजरा में डॉ. संतोष, बारवा में डॉ मोनिका, सरसा में डॉ प्रगति, डंगाली में डॉ वीरेंद्र, उमरी में डॉ. रीना, लुखी में डॉ तन्वी, बनी में डॉ. पूजा मंधान, खरकली में डॉ. सपना, यारा में डॉ संदीप तथा दबखेड़ा में डॉ. मीना द्वारा वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 250 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक आयुर्वेदिक परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही वृद्धजनों को नियमित योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर उमरी में डॉ. रीना एवं स्टाफ द्वारा औषधीय पौधों का वितरण कर लोगों को घरों में औषधीय पौधे लगाने तथा उनके औषधीय एवं स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी दी गई।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरवा में डॉ. मोनिका पूनिया एवं स्टाफ द्वारा गुड़हल, चमेली, पीपल, जामुन, तुलसी तथा अजवाइन के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली का संदेश दिया गया। इसी क्रम में एलएनजेपी हॉस्पिटल, कुरुक्षेत्र के आयुष विंग में ओपीडी जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान मरीजों को सूक्ष्म व्यायाम, ग्रीवा संचालन एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नियमित योग एवं प्राणायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि इससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ रहता है तथा तनाव पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग का उद्देश्य आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना, वृद्धजन स्वास्थ्य की समुचित देखभाल सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता विकसित कर समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
